गोरखपुर। विभिन्न विभागों में बृहस्पतिवार को किए गए औचक निरीक्षण में 35 विभागों में 350 अधिकारी, कर्मचारी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। डीएम ने सभी को तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है। उनका कहना है कि बिना उचित वजह से अनुपस्थित मिले अफसरों, कर्मचारियों का वेतन काटा जाएगा।
डीएम ने सुबह 10 बजे सीडीओ अनुज सिंह, एडीएम (प्रशासन) प्रभुनाथ, एडीएम (सिटी) रजनीश चंद्रा, सिटी मजिस्ट्रेट विवेक श्रीवास्तव समेत सात अधिकारियों को विभिन्न विभागों में उपस्थिति जांचने का निर्देश दिया। सबसे अधिक 76 लोग पीडब्ल्यूडी में अनुपस्थित रहे। इसी तरह कलेक्ट्रेट में 53, शिक्षा विभाग में 50, विकास भवन में 43, जल निगम में 31, रोडवेज में 11, वाणिज्य कर विभाग में 13, कृषि विभाग में 26 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। सबसे कम पांच कर्मचारी आरटीओ में गैरहाजिर रहे।