ईद की तैयारियों को लेकर खरीदारी करतीं महिलाएं और युवतियां।
गोरखपुर। चांद रात में अभी कुछ रोजों का फासला है लेकिन बाजार में अभी से ‘ईद’ है। सबसे अलग कपड़ों में ईद मनाने की तमन्ना लिए आने वाले युवक-युवतियों से कपड़ों का बाजार गुलजार है। गर्मी और उमस के बीच पसीने से तरबतर दुकानदार भी ग्राहकों की हर फरमाइश पूरी करने में शिद्दत से जुटे हैं।
बुधवार को रेती चौक, उर्दू बाजार, शाहमारुफ, घंटाघर, गोरखनाथ से लेकर गोलघर तक ईद से जुड़ी खरीदारी करने वालों का तांता लगा रहा। दुकानदारों के अनुसार युवतियां शरारा और गाउन ज्यादा पसंद कर रही हैं। आर्टिफिशियल ज्वेलरी में बाहुबली ईयररिंग्स की डिमांड ज्यादा है। नेकलेस और हाथपिलानी भी पसंद की जा रही है। युवकों का आकर्षण कुर्ता-पायजामा, डिजाइनर पैंट-शर्ट के प्रति हैं। प्रिंटेड शर्ट की भी मांग ज्यादा है। वहीं, सेंवई की दुकानों पर पूरे दिन भीड़ लगी रही। जूते-चप्पल, बर्तन आदि की दुकानों पर भी रात तक भीड़ रही।