एसएसबी, इंडियन नेवी, उत्तर प्रदेश और आईटीबीपी की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। रीजनल स्पोर्ट्स स्टेेडियम में महंत अवेद्यनाथ स्मृति अखिल भारतीय प्राइजमनी कबड्डी प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में एसएसबी, इंडियन नेवी, उत्तर प्रदेश और आईटीबीपी की टीमों ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। मंगलवार की सुबह सेमीफाइनल मैच होगा। उसके बाद खिताबी भिड़ंत होगी। विजेता टीम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और छत्तीसगढ़ के सीएम रमन सिंह के हाथों पुरस्कृत होने का गौरव हासिल होगा।
सोमवार को इंडियन नेवी और हरियाणा के बीच मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में इंडियन नेवी ने 63-61 अंकों के अंतर से जीत हासिल की। दूसरे मैच में उत्तर प्रदेश ने बीएसएनएल को 46-26 से पराजित किया। फिर क्वार्टर फाइनल मुकाबलों की शुरूआत हुई। एसएसबी ने बीएसएफ को 39-32, इंडियन नेवी ने बीजीई रुड़की को 43-32, आईटीबीपी ने सीआरपीएफ को 47-23, उत्तर प्रदेश ने जाट रेजीमेंट को 43-18 अंकों के अंतर से पराजित किया। निर्णायक की भूमिका राजेश सिंह, सुरेश सिंह, विनोद यादव, सत्येंद्र कुमार, कोपेंद्र, संजीव कुमार ने निभाई।
इस दौरान उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के उपाध्यक्ष सुशील कुमार यादव, सचिव राजेश सिंह, सह सचिव प्रभात कुमार पांडेय, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी एके पांडेय आदि मौजूद रहे। मंगलवार को विजेता टीम को दो लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। उपविजेता को एक लाख और तीसरा स्थान हासिल करने वाली टीम को 50 हजार रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।
आज के मुकाबले
पहला सेमीफाइनल मुकाबला एसएसबी और इंडियन नेवी तथा दूसरा मुकाबला उत्तर प्रदेश बनाम आईटीबीपी के बीच रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह नौ बजे से होगा।