गोरखपुर। संविदा चालक और परिचालकों ने बुधवार को परिवहन निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार और उत्पीड़न के मामले की जांच की मांग लेकर क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय परिसर में धरना दिया। चालकों और परिचालकों ने कहा कि ईटीएम एवं बुकिंग चार्ट में व्यापक स्तर पर घोटाला, चालकों और परिचालकों की ड्यूटी में मनमानी आदि की जांच नहीं हुई तो सीएम के आगमन के दो दिन पूर्व से बेमियादी अनशन शुरू किया जाएगा।
संविदा चालक, परिचालक संघर्ष समिति के प्रदेश महामंत्री कृपाशंकर ने कहा कि अधिकारियों की मनमानी अब नहीं चलने देंगे। लगातार गोरखपुर क्षेत्र में उत्पीड़न और धन उगाही की जा रही है। इसके खिलाफ कर्मचारी आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि ईटीएम से टिकट बनाने में घोटाले की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, क्योंकि जांच को प्रभावित करने में कुछ अधिकारी लगे हुए हैं। परिचालकों का पक्ष सुनने के बाद ही निर्णय लिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि 60 से 65 प्रतिशत आय लाने पर भी रिकवरी की जा रही है। इस दौरान क्षेत्रीय मंत्री अवनीश त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।