बीटीसी के सत्र 2013 में भाग लेने जा रहे स्टूडेंट्स किसी भी जिले से अप्लाई कर सकेंगे। बेसिक शिक्षा विभाग ने एक अक्टूबर से सत्र शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है।
बीटीसी में अब तक अभ्यर्थी अपने जिले में ही आवेदन कर पाते थे।
हो रही थी काफी मुश्किल
इससे मुश्किल यह आ रही थी कि जिन जिलों में निजी बीटीसी कालेज थे, वहां मेरिट काफी नीचे तक पहुंच जाती थी जबकि जहां निजी कालेज नहीं होते थे वहां मेरिट काफी ऊंची रहती थी।
11 जिलों में नहीं हैं निजी कॉलेज
प्रदेश के 11 जिलों में एक भी निजी बीटीसी कालेज नहीं हैं। शासन ने इस समस्या को दूर करने के लिए आवेदकों को किसी भी जिले से आवेदन का मौका देने का फैसला किया है।
नई नीति के अनुसार हर साल एक अक्टूबर से सत्र शुरू करने के लिहाज से जुलाई से आवेदन प्रक्रिया शुरू की जानी है।
डायरेक्टर से मांगा प्रपोजल
इसी क्रम में शासन ने सत्र 2013 के लिए आवेदन संबंधी शासनादेश और विज्ञापन अगले हफ्ते जारी करने की तैयारी की है। बेसिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव सुनील कुमार ने शुक्रवार को एससीईआरटी के डायरेक्टर सर्वेंद्र विक्रम को बुलाकर इस बारे में बात की और इसके लिए प्रपोजल देने को कहा।