देव नारायण की फाइल फोटो व गमगीन परिजन। संवाद
विश्नोहरपुर/नवाबगंज। मजदूरी करने के लिए घर से निकले एक युवक की शनिवार सुबह कोल्ड स्टोरेज चौराहे पर सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। नवाबगंज के नकहा लौवावीरपुर निवासी देव नारायण (35) शनिवार सुबह रोज की तरह दिहाड़ी मजदूरी के लिए पैदल निकले थे।
परिजनों के अनुसार, देव नारायण कोल्ड स्टोरेज चौराहे पर सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर चोटें लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत भाग गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के छोटे भाई श्याम नारायण ने बताया कि देवनारायण आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में काम करते थे। 10 दिन पहले ही वह घर लौटे थे। शनिवार को वह मजदूरी के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। देवनारायण दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़े थे। माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह छोटे भाई के परिवार के साथ रहते थे। देव नारायण की मौत से छोटे भाई श्यामनारायण, उनकी पत्नी रेखा तथा भतीजे अजीत व सृजल का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन और चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
देव नारायण की फाइल फोटो व गमगीन परिजन। संवाद