गोंडा। जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे बृहस्पतिवार को खिलाड़ियों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया। शुक्रवार को प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
शीतला देवी मेमोरियल शिक्षण संस्थान हथिनाग डुमरियाडीह में 71वें जनपदीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक समारोह में दूसरे दिन मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष अजीत सिंह रहे। 200 मीटर सीनियर वर्ग बालिका दौड़ में नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज नवाबगंज की ज्योति यादव प्रथम, सुभाष इंटर कॉलेज उमरी की सोनम द्वितीय व एपी इंटर कॉलेज मनकापुर की संगीता यादव तृतीय स्थान पर रहीं। 100 मीटर बालिका वर्ग जूनियर दौड़ में महाराजा देवीबख्श सिंह इंटर कॉलेज बेलसर की शाहीन प्रथम, नगर पालिका इंटर काॅलेज की अंजली यादव द्वितीय व जीपी मेमोरियल इंटर कॉलेज गोंडा की सौम्या तृतीय स्थान पर रहीं।
जूनियर बालिका लंबी कूद में भारतीय इंटर कॉलेज कटरा बाजार की काजल प्रथम, महाराजा देवीबख्श सिंह इंटर कॉलेज की शाहीन द्वितीय व नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज नवाबगंज की लक्ष्मी तृतीय स्थान पर रहीं। भाला फेंक सीनियर बालक वर्ग में विद्यानगर किसान इंटर कॉलेज मोतीगंज के फखरुद्दीन प्रथम स्थान पर रहे। गांधी इंटर काॅलेज नवाबगंज के यशपाल यादव द्वितीय और सुभाष इंटर कॉलेज उमरी के कमलेश तृतीय स्थान पर रहे।
लंबी कूद सीनियर बालक वर्ग में श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी के शिक्षम प्रथम, सुभाष इंटर कॉलेज उमरी के कमलेश कुमार द्वितीय व गांधी विद्यालय नवाबगंज के जसपाल यादव तृतीय स्थान पर रहे। 1500 मीटर सीनियर बालक वर्ग दौड़ में गांधी इंटर कॉलेज नवाबगंज के दीपक यादव ने पहला, एपी इंटर कॉलेज मनकापुर के राहुल यादव ने दूसरा व कन्हैयालाल इंटर कॉलेज करनैलगंज के सलमान ने तीसरा स्थान हासिल किया।
खेल प्रभारी जनता इंटर कॉलेज बभनान के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम कुमार पांडेय रहे। प्रधानाचार्य राममूर्ति गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर राजेश चंद्र पांडेय, अशोक कुमार, एसके सिंह, सर्वजीत सिंह, रमेश गुप्ता, चंद्रशेखर, रघुराज प्रताप सिंह, अमित सिंह, सुधाकर मिश्र, बब्बन सिंह, शांतनु विक्रम सिंह, महीप सिंह आदि मौजूद रहे।