मुजेहना (गोंडा)। देहात कोतवाली के सोनबरसा के टेड़िया गांव निवासी श्रमिक सुरेंद्र कुमार (24) रविवार रात गोंडा-उतरौला मार्ग पर सड़क पार करते समय डंपर की चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
टेड़िया गांव निवासी विनोद कुमार की पत्नी सावित्री देवी ने बताया कि उनका परिवार गोंडा-उतरौला मार्ग पर टिनशेड में रहता है। दो बेटाें में बड़ा सुरेंद्र स्थानीय स्तर पर मजदूरी कर पिता का हाथ बंटाता था। करीब एक साल पहले ही सुरेंद्र की शादी हुई थी। रविवार रात गांव में ही गोंडा-उतरौला मार्ग पार करते समय हादसे में सुरेंद्र की मौत हो गई। इससे मां सावित्री देवी, दादी भाग्यदेई, छोटे भाई शैलेंद्र समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देहात कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि डंपर चालक का पता लगाया जा रहा है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
खंभा गिरने से अधिवक्ता जख्मी
माधोपुर (गोंडा)। कटरा बाजार के माधोपुर भुसभुसियन पुरवा निवासी अधिवक्ता सत्यप्रकाश शुक्ल ने बताया कि बीते सोमवार को वह तहसील से लौट रहे थे। तभी सेल्हरी शुक्लन पुरवा के पास काफी नीचे लटके बिजली के तार में फंस गए। इसके बाद लकड़ी का खंभा भी उनके ऊपर गिर गया। हादसे में सत्यप्रकाश का दाहिना हाथ टूट गया। अस्पताल में इलाज कराने के बाद उन्होंने कटरा बाजार थाने में सूचना दी है। (संवाद)