गोंडा। जहरीली होती हवा से लोगों की सांसों पर संकट बढ़ गया है। बृहस्पतिवार को सांस की बीमारी से पीड़ित एक महिला मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। सांस लेने में परेशानी होने पर मे कॉलेज में चार अन्य मरीजों को भर्ती कराया गया है।
शहर के पूरे शिवा बख्तावर के बुधईपुरवा निवासी सुशीला देवी को सांस की समस्या के चलते एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वजीरगंज निवासी धर्मा देवी (80) को सांस की समस्या के चलते मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। कोतवाली देहात के वादीपुरवा निवासी श्यामू (35), उमरी बेगमगंज के चंगेरी निवासी सुभान अली (40) व कटरा बाजार निवासी जवंती देवी (79) को भी सांस लेने में परेशानी होने पर भर्ती कराया गया। ईएमओ डॉ. दीपक सिंह ने बताया कि इमरजेंसी में प्रतिदिन करीब 30 फीसदी मरीज सांस की बीमारी से पीड़ित होकर आ रहे हैं।