गोंडा। झंझरी के 1001 मोहल्लों में शिक्षा की अलख जगाने के लिए प्रेरणा साथी को नए तरीके बताए जाएंगे। इसके साथ ब्लॉक के 55 शिक्षा संकुल नए प्रयोग से शैक्षिक मुहिम को रफ्तार देंगे। बीईओ राम खेलावन सिंह ने इसके लिए कार्ययोजना तैयार की है। साथ ही ब्लॉक एजूकेशन रिसोर्स पर्सन के साथ बैठक कर रणनीति भी बनाई।
बीईओ राम खेलावन सिंह ने गुरुवार को बीआरसी पर एआरपी से सुझाव लिए और तय किया कि ब्लॉक में शैक्षिक मुहिम और बेहतर बनाने के लिए मुहिम चलाई जाए। उनकी अध्यक्षता में हुई बैठक में एसआरजी व मेंटर भी शामिल रहे। बीईओ ने कहा कि शिक्षक संकुल द्वारा नए प्रयोग से बच्चों की पढ़ाई को बेहतर करना है। इसके लिए टीएलएम, गतिविधियां, कविता, कहानी, वर्क-शीट पर कार्य करना है जिससे कार्य बेहतर तरीके से हो।
उन्होंने ब्लॉक स्तर पर विषयवार उत्कृष्ट शिक्षकों की कोर कमेटी गठित करने और उनके सुझाव पर अमल करने पर जोर दिया। कहा कि मौजूदा समय में बच्चों को शिक्षा से जोड़े रखने के लिए अधिक से अधिक अभिभावकों से संपर्क करना है और उन्हें भी प्रोत्साहित करना है। प्रत्येक शिक्षक को शिक्षक डायरी बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ब्लॉक के दस उत्कृष्ट विद्यालय का चयन किए जाने के लिए सर्वे के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट स्कूल ऐसे हों जो अन्य के मिसाल बनें। लोग उनसे प्रेरणा लेकर अपने स्कूलों को बेहतर बनाएं। साथ ही ऐसे विद्यालय का चयन भी किए जाने की रणनीति बनी जहां अतिरिक्त प्रयास, प्रोत्साहन व शैक्षिक सपोर्ट की विशेष आवश्यकता है।
मोहल्ला क्लास व ई-पाठशाला के साथ ही प्रेरणा साथी पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। दीक्षा एप, प्रेरणा लक्ष्य, रीड अलांग एप डाउनलोड कराने की समीक्षा की। एसआरजी कमलेश कुमार पांडे ने नवाचार पर चर्चा किया। एआरपी संजीव कुमार मिश्र, हेमंत कुमार सिंह, मो. अनीस, राहुल देव वर्मा व डायट मेंटर रेनू राव रहीं।