गोंडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था से देश को वैश्विक गुरु बनाने का जो संकल्प लिया है, उसे सभी के सहयोग से ही पूरा किया जाएगा। इसे पूरा कराने के लिए ही प्रदेश में योगी की अगुवाई में चल रही डबल इंजन की सरकार में जहां व्यापार लगातार तरक्की कर रहा है वहीं आम जन मानस भी पूरी तरह सुरक्षित बना है। यह बात प्रदेश के नागरिक उड्डयन, अल्पसंख्यक कल्याण, स्टांप एवं पंजीयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता उर्फ नंदी ने मंगलवार को एक बातचीत में कही।
उद्यम व उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए ही मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेश में गुंडों और माफियाओं का खात्मा करके कारोबारियों के लिए एक उत्तम व सुरक्षित माहौल बनाया है। इससे पूर्व उन्होंने व्यापार संगठन से जुड़े कारोबारियों के साथ एक बैठक भी की।
इस दौरान उन्होंने सभी व्यापारियों को 8 जनवरी 2022 को कानपुर में आयोजित होने वाले व्यापारी समाज एवं वैश्य समाज के प्रदेश स्तरीय विशाल सम्मलेन में आने का न्यौता भी दिया। केबिनेट मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सपा सरकार के दौरान पूरे प्रदेश के भय और अराजकता का माहौल था जिससे आम आदमी डरा और भयभीत था।
सपा व बसपा पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि योगी सरकार ने कार्यकाल में हमारा प्रदेश 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बनने की कगार पर पहुंच गया है।
वहीं धार्मिक स्थलों तक पहुंचने को कॉरीडोर बनने व नए नए एक्सप्रेस-वे शुरू हो जाने से आवागमन में सुगमता के साथ ही पर्यटन उद्योग को भी नयी ऊंचाई तक पहुंचाने का मौका मिलेगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप, राजीव रस्तोगी व्यापार प्रकोष्ठ के सह संचालक, दीपक गुप्ता जिला उपाध्यक्ष युवा मोर्चा भाजपा और अखिल भारतीय कमलापुरी वैश्य महासभा के उपाध्यक्ष देवानंद गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।