बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 125वीं जयंती गुरुवार को पूरे जिले में धूमधाम के साथ मनाई गई। कहीं जयंती के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए तो कहीं विचार गोष्ठी का आयोजन। वहीं, भाजपा सहित कांग्रेस, सपा व बसपा व अन्य दलों ने भी बाबा साहब की जयंती मनाई। इस दौरान वक्ताओं ने लोगोें से बाबा साहब के बताए रास्ते पर चलने की अपील की।
भाजपाइयों ने बाबा साहब की जयंती समरसता दिवस के रूप में मनाते हए छुआछूत सहित अन्य कुरीतियों के पूरे देश से खात्मे की कसम खाई। भाजपा प्रवक्ता व पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह सहित जिलाध्यक्ष पीयूष मिश्र, पूर्व महामंत्री विष्णु प्रताप नारायण सिंह, नगर अध्यक्ष अमर किशोर बमबम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शेष नारायण मिश्र, विधायक बाबन सिंह आदि ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उधर, कांग्रेस भवन में भी बाबा साहब की जयंती के मौके पर कार्यक्रम हुआ, जिसमें प्रदेश कांग्रेस महासचिव व पूर्व विधायक सतीश अजमानी, प्रदेश प्रभारी संगमलाल, शहर अध्यक्ष अब्दुल रहमान, प्रद्युम्न शुक्ल आदि ने विचार रखे।
सपा और बसपा की ओर से भी अंबेडकर जयंती को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं आम आदमी पार्टी की ओर से अंबेडकर चौराहे पर बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद जिला व महिला अस्पताल में मरीजों को फल बांटे गए।
रालोद ने भी माल्यार्पण कर बाबा साहब की जयंती मनाई।
वहीं बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह समिति की ओर से जयनारायण चौराहे से जुलूस निकाला गया, जो अंबेडकर चौराहे पर पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गया। जहां बाबा साहब के जीवन पर लोगों ने प्रकाश डाला।
डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षण संस्थान के तत्वावधान में गोसेन्द्रपुर गांव में सम्राट अशोक व बाबा साहब की जयंती मनाई गई। टाउन हाल में बाबा साहब के जीवन दर्शन को लेकर आयोजित कार्यक्रम में लोगों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए अपने विचार रखे।
मुजेहना के दुल्हापुर गांव में स्थित भैय्या प्रताप आदित्य लघु माध्यमिक विद्यालय में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. रघुनाथ ने बाबा साहब के जीवन प्रकाश डालते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने की अपील की। तहसील तरबगंज में कार्यक्रम की शुरूआत डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई।