गोंडा। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला अधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने मंगलवार को सीडीओ शशांक त्रिपाठी के साथ मतदाता जागरूकता कार्यक्रम स्वीप के तहत कई कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। मतदाता जागरूकता को लेकर ब्लॉकों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
नगर के रवि चिल्ड्रन एकेडमी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन के लोग घर-घर पर्चियां बांट रहे हैं। 27 फरवरी को ज्यादा से ज्यादा मतदान हो, इसके लिए छात्र-छात्राएं जो भी मतदाता हैं वे स्वयं तो वोट दें ही, इसके अलावा अपने अभिभावकों एवं मित्रों को वोट के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी मतदाताओं की सूची लेकर बूथ केंद्रों पर बैठे रहेंगे जो आपकी मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि भयमुक्त वातावरण में चुनाव संपन्न हो इसके लिए हर मतदान केंद्र पर भारी फोर्स लगी रहेगी जिससे आप लोग कोई परेशानी न हो। निर्वाचन आयोग ने मतदान का समय एक घंटा बढ़ाकर सहूलियत दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कहा कि इस बार जनपद में हर मतदाता से वोट डलवाना है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि जिनके अभिभावक या रिश्तेदार अथवा मित्रगण जिले के बाहर हैं। उन्हें 27 फरवरी को वोट डालने के लिए फोन करके बुलाएं तथा उनसे वोट डलवाएं। कॉलेज में जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। जीजीआईसी में आयोजित कार्यक्रम में भी छात्राओं को मताधिकार के प्रति जागरूक किया गया। नगर मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम, सीएमओ डॉ. आरएस केसरी, प्रभारी अधिकारी स्वीप राकेश कुमार, बीएसए आरपी सिंह, कोतवाल नगर पंकज सिंह उपस्थित रहे।
ब्लॉक संसाधन केंद्र मसकनवा से अध्यापकों ने दो पहिया वाहन से मतदाता जागरूकता रैली निकाली। बाइक रैली ब्लॉक संसाधन केंद्र से निकाली गई। रैली का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी छपिया ओंकार नाथ वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। मतदाता जागरूकता रैली मसकनवा बाजार से बभनान मार्ग पर छपिया थाना होते हुए स्वामी नारायण छपिया मंदिर तक पहुंची। अध्यापकों ने मतदाता जागरूकता रैली के तहत लोगों को मतदाता के लिए जागरूक किया। रैली में असगर अली, अनिल सिंह, आलोक पांडेय, संदीप सिंह, अमरवीर सिंह, महेश कुमार, अरिदमन तिवारी, रामकृष्ण द्विवेदी, रत्नेश वर्मा, प्रवीन गंगवार पवन दीक्षित, अरविंद गुप्ता, विकास सिंह शामिल रहे।
वजीरगंज में खंड विकास अधिकारी के नेतृत्व में मंगलवार को मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। क्षेत्र के हाथी दूबे पुरवा सहित कई जगहों पर रैली के माध्यम से मतदान के लिए जनसामान्य को प्रेरित किया गया। बीडीओ मिश्रा ने कहा कि 27 फरवरी को होने वाले सामान्य विधानसभा निर्वाचन में आप सब पोलिंग बूथ पर जाकर के मतदान करें व अन्य लोगों को प्रेरित करें। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरएस मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी हर्षित पांडेय, बाल विकास परियोजना अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, विनोद कुमार शुक्ल मौजूद रहे।
लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को सीडीओ शशांक त्रिपाठी ने मतदान के प्रति जागरूक किया। छात्र-छात्राओं ने नाटक के माध्यम से राजेंद्र लाहड़ी प्राथमिक विद्यालय, आंबेडकर चौराहा के सेल्फी प्वाइंट तथा शास्त्री महाविद्यालय के मुख्य गेट के सामने लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र सिंह ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जमीनी स्तर पर काम करने के लिए संदेश दिया। इस दौरान डॉ. चमन कौर, डॉ. अवधेश वर्मा, डीआईओएस राकेश कुमार, शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र मिश्र, डॉ आरबीएस बघेल, डॉ. मंशाराम वर्मा, रवि यादव मौजूद रहे।
वहीं, परिषदीय विद्यालयों के अध्यापकों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली को बीडीओ मुजेहना मनोज कुमार ने रवाना किया। अध्यापकों ने मतदान हमारा अधिकार, नहीं करेंगे इसे बेकार व अपना मतदान लोकतंत्र की जान, आदि नारे लिखे पट्टिकाए लगा रखी थीं। रैली सोनबरसा बाजार से धानेपुर के इंदिरानगर तक निकाली गई। एडीओ दुर्गा प्रसाद मिश्रा, सचिव संजय सिंह, राजेश प्रताप मिश्र, कुलदीप पाठक, पुष्पेंद्र वर्मा, कुलदीप शुक्ला ,चंद्रशेखर, तौफीक अहमद, सरस सिंह, उमेश पांडेय, सुजीत त्रिपाठी उपस्थित रहे।