गोंडा। जिले में मंगलवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर कमिश्नरी, कलेक्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, विकास भवन सहित अन्य सरकारी दफ्तरों तथा जनपद में संचालित विभिन्न विद्यालयों में मतदाता दिवस की शपथ दिलाई गई। आयुक्त एमपी अग्रवाल ने आयुक्त सभाकक्ष में सभी अधिकारियों - कर्मचारियों को मतदाता दिवस का शपथ दिलाई। मतदाता दिवस कार्यक्रम का आयोजन कोविड प्रोटोकॉल तहत हुआ।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की देश एवं समाज के प्रति जिम्मेदारियां होती हैं, जिसमें से मतदान का अधिकार सबसे महत्वपूर्ण होता है। अपर आयुक्त राकेश चंद्र शर्मा तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी रक्षा राम वर्मा, शिव गोपाल तिवारी, सुनील कश्यप आदि उपस्थित रहें। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने कलेक्ट्रेट में शपथ दिलाई। कहा कि भारत उन गिने चुने देशों में से एक है जहां पर सर्वप्रथम महिलाओं को मतदान का अधिकार मिला। व्यक्ति के जीवन को गरिमामयी बनाने में मतदान का अधिकार भी शामिल है। निर्वाचन में युवाओं और महिलाओं की भागेदारी ज्यादा से ज्यादा होनी चाहिए। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि हम मतदान के दिवस पर जो शपथ ले रहे हैं, उसका एक-एक शब्द हमारे जहन में उतर जाना चाहिए और हमें, उसका पालन करना चाहिए।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार सोनी, सिटी मजिस्ट्रेट अर्पित गुप्ता, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जंगजीत वर्मा, जिला उद्यान अधिकारी मृत्युंजय सिंह, पीओ डूडा विनोद कुमार सिंह, जिला पिछड़ावर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संतोष सोनी, प्रशासनिक अधिकारी नईम अहमद, संजय सहाय, गिरिजा द्विवेदी सहित आदि रहे।
विकास भवन के साथ सरकारी संस्थाओं में हुई शपथ
विकास भवन में आयोजित मतदाता दिवस कार्यक्रम मुख्य विकास अधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शपथ दिलाई। कहा कि आज मतदान दिवस का आदर्श वाक्य है, समावेशी, सुगम एवं सहभागी निर्वाचन, समावेशी का मतलब सभी वर्ग, सभी जाति, दिव्यांग, वृद्ध सभी को मतदान देने का अवसर प्रदान करना, सुगम का मतलब-सहजता से सभी नागरिक इस निर्वाचन में भाग ले सकें। स्वीप प्रभारी/जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि 12 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद की सभी तहसीलों, ब्लाक मुख्यालयों सहित सभी सरकारी दफ्तरों व शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया। कंपोजिट स्कूल कपूरपुर में झंझरी के बीईओ कोमल यादव की मौजूदगी में प्रधानाध्यापक ओम शंकर यादव ने शपथ दिलाई।