करनैलगंज (गोंडा)। पुलिस व पीएसी के जवानों के साथ पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों वाले गांवों में रूट मार्च करते हुए लोगों से निडर होकर मतदान करने की अपील की। लोगों को बताया कि निर्भीक होकर मतदान करें। पुलिस हर पल साथ है। ग्रामीणों से मतदान केंद्र पर शांतिभंग करने वाले लोगों के बारे में जानकारी हासिल की। इसके अलावा वाहनों की चेकिंग भी की गई।
पुलिस क्षेत्राधिकारी मुन्ना उपाध्याय के नेतृत्व में पीएसी, पुलिस बल व थानों की पुलिस फोर्स के साथ करनैलगंज संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्र सकरौरा शहरी, सकरौरा ग्रामीण, नारायनपुर माझा, गद्दोपुर, भोंका, पतिसा, बालपुर, हड़ियागाड़ा का भ्रमण व रूट मार्च के साथ मतदाताओं से मतदान की अपील की गई। सीओ ने बताया कि ग्रामीणों से निडर होकर निष्पक्षता के साथ मतदान करने की अपील की गई। साथ-साथ संवेदनशील, अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया गया।
उन्होंने बताया कि आसपास के ग्रामीणों से गोपनीय ढंग से मतदान केंद्र पर अशांति फैलाने वाले लोगों के बारे में जानकारी ली गई और मतदाताओं को आश्वस्त किया गया कि किसी भी प्रकार के भय के बिना मतदान करें। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, एसएसटी टीम के दिवाकर मिश्रा सहित थाना व चौकियों के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।