नवाबगंज (गोंडा)। कटरा-बस्ती मार्ग पर जफरापुर गांव के पास स्थित एक मकान की छत पर सो रहे वेटनरी फार्मासिस्ट पर सोमवार देर रात कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के दौरान उधर सड़क से गुजर रही लकड़मंडी पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनकर हमलावर फरार हो गए।
पुलिस ने फार्मासिस्ट को अयोध्या के श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ थाना नवाबगंज में जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि बस्ती जनपद के थाना लालगंज क्षेत्र के सुरसा बानपुर गांव के रहने वाले राम अचल यादव बस्ती जनपद के नंदनगर चौरी के पशु चिकित्सालय में वेटनरी फार्मासिस्ट के पद पर तैनात हैं। वह नवाबगंज थाना क्षेत्र के जफरापुर गांव में किराए के मकान में रहते हैं। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक रामअचल अपने किराए के मकान की छत पर सोमवार की रात सो रहे थे। तभी कुछ लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
चौकी प्रभारी लकड़मंडी रामप्रकाश यादव ने बताया कि उसी समय चौकी लकड़मंडी की गाड़ी उधर से सायरन बजाते गुजर रही थी। सायरन की आवाज सुनकर हमलावर भाग निकले। बताया कि रामअचल यादव को अयोध्या के श्रीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि रामअचल यादव के बेटे अशोक कुमार यादव ने थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक पड़ताल के लिए पुलिस टीम बस्ती भेजी गई है।