करनैलगंज (गोंडा)। जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही ने जिले में उर्वरक निरीक्षकों की टीम बनाकर एक साथ उर्वरक दुकानों पर छापा मारा। जिले से 41 दुकानों पर से 18 नमूने लिए गए। इस दौरान एक दुकानदार का लाइसेंस निलंबित कर एक व्यापारी को कारण बताओ नोटिस तथा दो को चेतावनी जारी की गई।
जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव को सदर एवं करनैलगंज, उप कृषि निदेशक शैलेंद्र शाही को मनकापुर व उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी शिवशंकर चौधरी को तरबगंज में उर्वरक निरीक्षक नामित करते हुए एक साथ पूरे जिले में खाद बीज की दुकानों पर छापेमारी कराई। जिसमें कुल 18 नमूने लेते हुए द्विवेदी खाद भंडार सुहास मनकापुर के लाइसेंस को निलंबित किया गया।
शुक्ला खाद भंडार झिलाही एवं कृषक सेवा केंद्र बल्लीपुर को चेतावनी निर्गत करते हुए गंगा प्रसाद खाद भंडार पहाडा़पुर को कारण बताओ नोटिस जारी की गई। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में यूरिया उर्वरक उपलब्ध है। किसान अपने जोत बही के आधार पर आधार कार्ड से यूरिया का क्रय करें। यदि कोई भी दुकानदार अधिक दर पर उर्वरक की बिक्री करता है, या बिना पीओएस मशीन के बिक्री करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद