तालाबों व नालों से अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर वामपंथियों ने सोमवार से कचहरी परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। उन्होंने जल्द से जल्द नालों व तालाबों से कब्जा हटवाने की मांग की है।
का. सालिकराम की अध्यक्षता में आयोजित धरने को संबोधित करते हुए माकपा के जिला सचिव राजीव कुमार ने कहा कि शहर में अधिकतर नालों व तालाबों पर अवैध अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे शहर में जलभराव बना रहता है।
इसी तरह जिले के तमाम तालाबों पर भी अतिक्रमण कर लिया गया है, जिसके चलते पशु-पक्षियों को पीने के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है।
भाकपा राज्य कमेटी के सदस्य दीनानाथ त्रिपाठी ने कहा कि जिला प्रशासन से नालों से अवैध कब्जा हटाने की मांग की जा चुकी है, जिस पर वह गंभीर होने का दावा भी कर रहा है, लेकिन बुधईपुरवा, परसादी तालाब, पॉलीटेक्निक होते हुए शहर से बाहर जाने वाले नाले पर रसूखदारों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण को नहीं हटवा रहा है।
राजेश दीक्षित ने चेतावनी दी कि जब तक नालों से अवैध अतिक्रमण नहीं हटाया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरने में कृष्णकांतधर द्विवेदी, खगेंद्र, शमशाद, सलीम, शब्बीर, मो. अली, राम बहोर विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।