पचपेड़वा थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे बौद्ध परिपथ पर शुक्रवार को दूधिया पहाड़ी नाले के निकट तेज रफ्तार जायलो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गाड़ी में सवार चार लोग घायल हो गए।
परिवारीजनों ने घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
बताया जाता है कि विशुनपुर टनटनवा निवासी बब्बू अपनी जायलो लेकर शुक्रवार को गैसड़ी की तरफ जा रहे थे। गाड़ी में ग्राम सिसहनिया निवासी मतीन, विशुनपुर टनटनवा निवासी इमरान (20) तथा एक अन्य व्यक्ति भी बैठे थे।
इसी दौरान दूधिया पहाड़ी नाले के निकट गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। परिवारीजन घायलों को प्राइवेट अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान इमरान की मौत हो गई।
पचपेड़वा थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है। मामले की छानबीन की जा रही है।