गोंडा। कार से अपने परिचितों को लखनऊ एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।
गुरुवार की रात दस बजे मसकनवा बाजार निवासी रोहित गुप्ता (31) पुत्र सूरज लाल गुप्ता अपने साथी मोहम्मद आजाद (22) पुत्र मोहम्मद कलीम उर्फ ननके निवासी पटखौली के साथ मनकापुर कोतवाली अंतर्गत ऐलनपुर खंतवा गांव के अपने परिचितों को छोड़ने लखनऊ एयरपोर्ट जा रहे थे।
रोहित के भाई विमल गुप्ता ने बताया कि रास्ते में बाराबंकी जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के चंदनापुर रानी बाजार के निकट पेट्रोल पंप के पास कार व सामने से आ रहे माल वाहन की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में रोहित की मौके पर मौत हो गई। घायल आजाद, उदय राज, रवि कुमार को गंभीर हालत में सीएचसी ले जाया गया, जहां घायलों की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आजाद की उपचार के दौरान मौत हो गई।
रोहित गुप्ता मसकनवा बाजार के मनकापुर रोड पर गारमेंट्स की दुकान करता था। मृतक चार भाई विमल, शुभम, सौरभ में दूसरे नंबर पर था। उसकी तीन बहनें सीमा, निधि, नीतू व मां मिथिलेश का रो-रो कर बुरा हाल है।
वहीं दूसरे मृतक आजाद, आलम, अशरफ, अंजुम आसमां में सबसे बड़ा था। मृतक की मां सलमा का रो रोकर बुरा हाल है। देर रात्रि हुई इस दुर्घटना से क्षेत्रवासियों में शोक व्याप्त है। रोहित काफी मिलनसार युवक था।