करनैलगंज के पतिसा देवीदीनपुरवा में विवाद के बाद तैनात पुलिस। स्रोत: ग्रामीण
बालपुर। कोतवाली क्षेत्र के पतिसा देवीदीन पुरवा में रविवार को युवकों के बीच हुए मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। देखते ही देखते दो पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। पथराव में आकाश तिवारी और हनुमंत लाल को मामूली चोटें आई हैं।
गांव के रामफेर ने बताया कि उनके बाग में रविवार को दक्षिण टोला के कुछ युवक गांजा पी रहे थे। उनके बेटे आकाश और उसके साथियों ने विरोध किया तो युवक गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जिससे गांजा पीने वाले भाग गए। थोड़ी ही देर में अपने गांव के अन्य लोगों के साथ दोबारा आकर ईंट-पत्थर चलाने लगे। इसकी सूचना यूपी 112 पर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए विवाद शांत कराया। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की गई है।
सूचना पर सीओ करनैलगंज विनय सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। सीओ ने बताया कि गांव में एहतियातन दो उपनिरीक्षक व सात आरक्षी लगाए गए हैं।
किराये के विवाद में बाजार में मारपीट
बालपुर। कस्बे में किराये के विवाद को लेकर रविवार को बाजार में जमकर मारपीट हो गई। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। कस्बा निवासी प्रेम कुमार तिवारी ने बताया कि उनके भाई राजू तिवारी का शराब ठेके के पास ई रिक्शा चालक से किराये को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी बात को लेकर करीब एक दर्जन लोग उनके घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में बेटा गौरव तिवारी तथा पत्नी सुमन घायल हो गईं। इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि जांच कराई जा रही है।