गोंडा। बाढ़ और बरसात के दौरान संपर्क मार्गों के कटने की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। शासन स्तर से करनैलगंज क्षेत्र में सरयू के मनिहारी घाट और तरबगंज क्षेत्र में सरयू के कैथीघाट पॉन्टून पुल के अनुरक्षण कार्य को मंजूरी दे दी गई है। साथ ही ढेमवाघाट पर मोटरबोट आपूर्ति की भी स्वीकृति जारी कर दी गई है। वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले इन कार्यों को पूरा कराने की तैयारी शुरू हो गई है।
बरसात के दौरान नदी किनारे बसे गांवों के लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती है। पॉन्टून पुलों की स्थिति खराब होने और नावों की कमी के कारण कई बार लोगों का तहसील और जिला मुख्यालय से संपर्क टूट जाता है। इसे देखते हुए कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह, करनैलगंज विधायक अजय सिंह व तरबगंज विधायक प्रेमनरायन पांडेय ने शासन को प्रस्ताव भेजकर पुलों के अनुरक्षण और अतिरिक्त व्यवस्थाओं की मांग की थी।
शासन ने मनिहारी घाट पॉन्टून सेतु के अनुरक्षण के लिए 25.35 लाख रुपये तथा कैथीघाट पॉन्टून पुल के अनुरक्षण के लिए 38.87 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इन कार्यों के तहत पुलों की मरम्मत, सुरक्षा बैरियर, प्लेटफार्म सुदृढ़ीकरण और अन्य सुरक्षात्मक उपाय किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि इससे बरसात और बाढ़ के समय भी लोगों का आवागमन सुरक्षित बना रहेगा। ढेमवाघाट पर मोटरबोट आपूर्ति के लिए 31.76 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। इससे नदी पार करने वाले ग्रामीणों और आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को गति मिलेगी।
अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि शासन से स्वीकृति प्राप्त होने के बाद आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही कार्य प्रारंभ कर वर्षा ऋतु से पहले पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए जीवनरेखा है कैथीघाट पुल
कैथीघाट का पॉन्टून पुल केवल ग्रामीणों के आवागमन का साधन नहीं बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। नवरात्र के दौरान अयोध्या के खंडासा क्षेत्र से हजारों श्रद्धालु मां पाटेश्वरी देवी मंदिर, देवीपाटन धाम के दर्शन के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं। भुजवा समाज के श्रद्धालु महंत शत्रोहन भुजवा के नेतृत्व में प्रतिवर्ष यात्रा निकालते हैं। अयोध्या और बाराबंकी की 40 से 50 ग्राम पंचायतों के लगभग 30 हजार श्रद्धालु कैथीघाट के पॉन्टून पुल और नावों के सहारे नदी पार कर देवीपाटन पहुंचते हैं। पुल के अनुरक्षण से श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम हो सकेगी।
पांच लाख आबादी को मिलेगा लाभ
कैथीघाट पॉन्टून पुल के अनुरक्षण से गोंडा और अयोध्या के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। जैतहरी, हयातनगर, हलिमनगर, धौरहरा, जहांगीराबाद, रहिमगंज, मानपुर संदरी, फगौली, मीनपुर, अहमदाबाद, टिकरी, कैथी, उधौरा, बराई, पसैया, मरौचा और अमौथी समेत दर्जनों गांवों की लगभग पांच लाख आबादी इस पॉन्टून पुल पर निर्भर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की स्थिति बेहतर होने से बाजार, अस्पताल, स्कूल और तहसील तक पहुंचना आसान हो जाएगा। वहीं, किसानों को भी अपनी उपज लाने-ले जाने में सुविधा होगी।