गोंडा। शहर के एक मोहल्ले की रहने वाली युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में दूसरी युवती से शादी करने के आरोप में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके कोषागार में तैनात बाबू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पेंशन बनवाने के नाम पर भरोसा जीतकर पीड़िता से सात लाख रुपये लेने का भी आरोप है।
पीड़िता के अनुसार उसकी मां कैंसर से पीड़ित थीं। 18 सितंबर 2022 को उनकी मौत हो गई थी। तब वह 16 साल की थी। उसे पेंशन बनवाने के लिए कोषागार के कई चक्कर लगाने पड़े। इसी दौरान कोषागार में तैनात कनिष्ठ सहायक आशीष सिंह से मुलाकात हुई। आशीष ने पेंशन बनवाने में मदद का भरोसा देकर नजदीकी बना ली। बातचीत और मुलाकात का सिलसिला शुरू हो गया। इसी दौरान आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया और पीड़िता से सात लाख रुपये ले लिए। इस रकम में से केवल 20 हजार रुपये ही वापस किए गए। पीड़िता का कहना है कि शादी का झांसा देकर आरोपी आशीष ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में दूसरी युवती से शादी कर ली। इसकी जानकारी होने पर पीड़िता ने नगर कोतवाली में आरोपी आशीष सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
नगर कोतवाल विवेक त्रिवेदी ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी व कोषागार के कनिष्ठ सहायक आशीष सिंह निवासी पिपरी रावत, कटरा बाजार को उपनिरीक्षक अंकित उपाध्याय ने मंगलवार को लखनऊ रोड से गिरफ्तार कर लिया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।