गोंडा। भारत रत्न व पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर मंगलवार को लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज के ललिता शास्त्री सभागार में अंतर विद्यालयीय अकादमिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें काव्य में अंकित, निबंध में वंदना व भाषण में भूमि अव्वल रहीं।
कार्यक्रम के संयोजन की जिम्मेदारी डॉ. ममता शुक्ला ने निभाई। एकल काव्य पाठ प्रतियोगिता का संयोजन डॉ. प्रियंका श्रीवास्तव एवं डॉ. इला तिवारी ने किया। निर्णायक मंडल में प्रो. मंशाराम वर्मा एवं प्रो. जयशंकर तिवारी शामिल रहे। प्रतियोगिता में एम्स इंटर कॉलेज के अंकित पांडेय ने प्रथम, एलबीएस पीजी कॉलेज की जिज्ञासा तिवारी ने द्वितीय तथा नारी ज्ञानस्थली महाविद्यालय की निहारिका तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता का संयोजन डॉ. रचना श्रीवास्तव एवं डॉ. मनीषा पाल ने किया। निर्णायक मंडल में प्रो. शशिबाला एवं डॉ. परवेज आलम रहे। माध्यमिक स्तर पर तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज की वंदना शुक्ला ने प्रथम, भारतीय इंटर कॉलेज के आशीष तिवारी ने द्वितीय तथा तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज की शिखा मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता का संयोजन डॉ. स्मृति शिशिर एवं डॉ. हरीश शुक्ल ने किया। निर्णायक के रूप में प्रो. अरविंद कुमार शर्मा एवं डॉ. बैजनाथ पाल उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में एलबीएस पीजी कॉलेज की भूमि द्विवेदी ने प्रथम, अंशिका यादव ने द्वितीय एवं तलत मरियम ने तृतीय स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. बीपी सिंह, डॉ. योगेंद्र नाथ श्रीवास्तव, सुमित तिवारी, शिवपूजन कश्यप आदि मौजूद रहे।