गोंडा। देश में लॉकडाउन के बाद 170 दिन के पश्चात गोंडा जनपद वासियों को शनिवार को लखनऊ जाने के लिए पहली ट्रेन कोचीन एक्सप्रेस से यात्रा की सुविधा मिली। गोरखपुर से यशवंतपुर तक चलने वाली कोचीन एक्सप्रेस ट्रेन से गोंडा स्टेशन पर 259 यात्रियों ने पहले दिन यात्रा की। इस ट्रेन से लखनऊ कानपुर, उन्नाव, झांसी, उरई भोपाल सहित यशवंतपुर तक यात्रा करने के लिए रवाना हुए।
गत 22 मार्च के बाद व 170 दिनों के पश्चात शनिवार को सुबह गोरखपुर से चलकर यशवंतपुर जाने वाली कोचीन एक्सप्रेस गोंडा रेलवे स्टेशन पर एक मिनट विलंब से पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में खुशी दिखी। कारण लखनऊ व बाराबंकी में नौकरी करने वाले व दैनिक यात्री कोचीन एक्सप्रेस व लखनऊ इंटरसिटी से यात्रा करते थे। लेकिन कोरोना काल में इस ट्रेन सहित सभी ट्रेनों को बंद कर दिया गया था। कुछ स्पेशल ट्रेनों को बीच में चलाया गया था।
सुबह गोंडा स्टेशन से गुजरने वाली इस दैनिक ट्रेन से 259 यात्रियों ने गोंडा रेलवे आरक्षण दफ्तर से टिकट आरक्षित कराकर लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, बीना, झांसी, भोपाल, मनमाड होते हुए यशवंतपुर तक यात्रा करने के लिए ट्रेन से रवाना हुए। मंडल वाणिज्य निरीक्षक विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना का प्रोटोकॉल का यात्रियों से पालन कराया गया। उसके बाद ही प्लेटफार्म पर प्रवेश दिया गया है। उनका कहना है कि लखनऊ के लिए आज पहली बार ट्रेन मिलने पर जनपद वासियों में काफी खुशी दिखाई दी है।