गोंडा। सड़क पर सुरक्षित चलने के लिये के यातायात के नियमों का पालन जरूरी है। इसके लिए परिवहन व पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा यातायात माह की शुरूआत गुरुनानक चौराहे पर यातायात बूथ से किया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्र व एआरटीओ बबिता वर्मा ने चौराहे पर आने जाने वालों को फूल व हेलमेट भेंटकर सुरक्षित यात्रा के तरीके बताए। एसपी ने कहा कि घर से निकलने से पहले यातायात नियमों को याद करें और उसी के हिसाब से तैयार होकर बाहर निकलें। उन्होने कहा कि जीवन को सुरक्षा देने के लिए खुद से ही प्रयास करना होगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन, ईयर फोन का प्रयोग न करें, दो पहिया वाहन पर चालक तथा पीछे बैठे व्यक्ति हेलमेट सदैव प्रयोग करे, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करने, वैध परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा एवं प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र पास रखने, वाहनों में निर्धारित सवारी बैठाने एवं निर्धारित गति सीमा में वाहनों को चलाने, वाहन चलाते समय मादक पदार्थो का प्रयोग न करने के लिए बताया।
स्काउट गाइड/ एनसीसी कैडेट्स एवं उपस्थित लोगों के साथ अधिकारियों ने यातायात जागरूकता रैली निकालकर यातायात नियमों के पालन करने का संदेश दिया। एआरटीओ बबिता वर्मा ने कहा कि सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से प्रयास किया जा रहा है।
दो पहिया चालक हेलमेट जरूर लगाएं और चार पहिया वाहन के चालक व यात्री सीट बेल्ट जरूर लगाएं। जिससे उनका जीवन सुरक्षित रहे और कई तरह की दिक्कतों से बचे रहें। क्षेत्राधिकारी सदर लक्ष्मीकांत गौतम, यातायात प्रभारी अभिनव प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर पंकज सिंह आदि रहे।