परीक्षा की तैयारी के लिए बैठक करते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 13 नवंबर को अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2016 का आयोजन किया जा रहा है। मंडल स्तर पर होने वाली इस परीक्षा का आयोजन लखनऊ रोड स्थित एससीपीएम कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं पैरामेडिकल हारीपुर में किया गया है।
परीक्षा में देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती के करीब 371 बच्चे प्रतिभाग करेंगे। इस परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले बच्चों को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से छात्रवृत्ति दी जाएगी। जिससे गरीब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर होने में सफलता मिलेगी।
एससीपीएम कॉलेज के चेयरमैन डॉ. ओएन पांडेय व निदेशक अजिताभ दूबे ने बताया कि शनिवार को परीक्षा की तैयारी को लेकर शिक्षकों के साथ बैठक हुई। परीक्षा संचालन के लिए संतोष, श्वेता रानी, मेनका दूबे, शिखा मिश्रा व सुधा मिश्रा को लगाया गया है। शनिवार शाम को ही सीट प्लानिंग कर रोल नंबर डेस्क पर अंकित कर दिया गया है। प्रशासक धीरज दूबे ने बताया कि परीक्षा रविवार की सुबह ठीक 10 बजे से शुरू होगी।
परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले बच्चों के रोल नंबर कक्ष के बाहर लगे ब्लैक बोर्ड पर चस्पा करा दिया जाएगा, उसे देखकर परीक्षार्थी अपने निर्धारित सीट पर बैठेंगे। परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को परीक्षा कक्ष में आधे घंटे पहले पहुंचना होगा। परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के लिए परीक्षार्थियों को अपने साथ किसी प्रकार की मोबाइल, कैलकुलेटर या कोई अन्य उपकरण नहीं लाना है। इसका प्रयोग पूरी तरह से वर्जित होगा।
देवीपाटन मंडल मुख्यालय पर होने वाली इस परीक्षा में अनुक्रमांक 5110001 से 5110371 की सीट प्लानिंग को परीक्षा कक्ष के बाहर ही ब्लैक बोर्ड पर चस्पा करा दिया जाएगा। जिससे परीक्षार्थियों को अपने सीट पर बैठने में असुविधा नहीं होगी। ब्लैक बोर्ड पर ही सेंटर कोड का अंकन होगा जिसे सभी परीक्षार्थी अपनी ओएमआर सीट पर अंकित करेंगे।