गोंडा। आरपीएफ की क्राइम ब्रांच ने पार्सल घर से संदिग्ध 12 पैकेट खोलकर जांच किए। जिसमें तंबाकू बरामद हुआ, जबकि पार्सल में दूसरा सामान दिखाकर भेजा गया था। इसके बाद आरपीएफ ने मामले की एफआईआर दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ के क्राइम ब्रांच के निरीक्षक उदयराज ने बताया कि निगरानी के दौरान पार्सल के 12 पैकेज संदिग्ध मिले। जिसकी जांच के लिए पार्सल कार्यालय गोंडा को सूचित किया गया। मुख्य वाणिज्य पर्यवेक्षक अकील अतहर, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक जितेंद्र कुमार के साथ पैकेट को खुलवाकर देखा गया। जानकारी के स्थान पर 136 किलो तंबाकू मिला, जिसकी कीमत 95285 रुपये है। इसके साथ ही 35 हजार रुपये कीमत का सादा पान मसाला भेजा गया है। जिस आधार पर माल को भेजने वाले से साठगांठ कर माल को पाने वाले व्यक्ति मोहम्मद मोहसिन खान निवासी ददुआ बाजार, महारानीगंज, थाना कोतवाली नगर गोंडा को गिरफ्तार किया गया। तंबाकू को लखनऊ के रामाशीष ने भेजा था। बुकिंग में कर की हेराफेरी करने की संभावना को देखते हुए जीएसटी विभाग गोंडा को रिपोर्ट दी गई है। निरीक्षक ने बताया कि पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।