मोतीगंज/गोंडा। अयोध्या मार्ग पर खोरहंसा कस्बे में सोमवार दोपहर बरातियों से भरी प्राइवेट बस का टायर फट गया। तेज धमाके से अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते बस में आग लग गई।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। इस दौरान खोरहंसा कस्बे के दोनों ओर पराग डेयरी से दर्जीकुआं तक करीब 10 किमी लंबा जाम लग गया।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे कटराबाजार के गौरवाकला निवासी बब्बू शुक्ल के भाई सूरज की बरात प्राइवेट बस (सीएच 01 - टीबी 9399) मोतीगंज थाना इलाके के भवानीपुर सेमरहवा राजापुर से लेकर लौट रही थी।
खोरहंसा चौकी के पास चलती बस में अचानक तेज धमाका हुआ। चालक कैसरगंज के जयसिंह निवासी रामराज कुछ समझ पाता, इससे पहले बस में आग लग गई। बरातियों में चीख-पुकार मच गई। जैसे-तैसे खिड़की व दरवाजों से कूदकर यात्री बाहर निकले। भगदड़ के दौरान बरातियों को मामूली चोटें आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में 65 से 70 बाराती सवार थे। फायरब्रिगेड की टीम के पहुंचने से पहले आग पर काबू पा लिया गया।
एहतियातन रोकनी पड़ी यातायात व्यवस्था
खोरहंसा चौकी प्रभारी अजय तिवारी ने बताया कि बस में आग लगने के बाद दोनों तरफ एहतियातन यातायात पर रोक लगाई गई है। हालांकि, दर्जीकुआं से पराग डेयरी तक दोनों तरफ जाम लग गया।
पुलिस की जांच में कंडम मिली बस
देहात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि बस की फिटनेस बहराइच में ब्लैकलिस्ट हो चुकी है। इसके बावजूद बस फर्राटा भर रही थी। पुलिस की मदद से बरातियों को गोंडा भिजवाया गया। मामले की जांच की जा रही है।