बलरामपुर। 15 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सीएम यहां राज्य विश्वविद्यालय व रिंगरोड के निर्माण कार्य की नींव रखेंगे।
इसके चलते ही मंगलवार को डीएम अरविंद सिंह ने अधिकारियों के साथ मां पाटेश्वरी देवी राज्य विश्वविद्यालय के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण भी किया।
उन्होंने कहा कि अभी सीएम के भ्रमण का अधिकृत कार्यक्रम नहीं मिला है।सीएम के आने पर कई परियोजनाओं का शुभारंभ प्रस्तावित है। बताया कि राज्य विश्वविद्यालय के कोयलरा गांव में जमीन अधिग्रहण के साथ ही 120 करोड़ रुपये का बजट भी भवन निर्माण के लिए जारी हो चुका है।
इसी तरह रिंगरोड निर्माण की तैयारियां भी पूरी हो चुकी है। 516 करोड़ से बनने वाले रिंगरोड के लिए दुल्हनपुर गांव से बिजली भवानी मंदिर तक जमीन अधिग्रहण के साथ मार्ग को समतल किए जाने की कार्रवाई भी पूरी की जा रही है।
इसके साथ ही विशुनीपुर गांव में 50 वीं एसएसबी बटालियन के मुख्यालय निर्माण के लिए भी 15 हेक्टेयर जमीन क्रय की जा चुकी है।
सीएम के प्रस्तावित आगमन पर इन परियोजनाओं का शिलान्यास कराए जाने की तैयारी है। इसमें देवीपाटन मंदिर व झारखंडी मंदिर के विकास से जुड़ी परियोजनाएं भी शामिल है।