गोंडा। जिले में केंद्रीय विद्यालय व जवाहर नवोदय समेत आठ केंद्रों पर शनिवार से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इसमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के तीन हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि फातिमा कॉलेज गोंडा, सेंट माइकल काॅन्वेंट स्कूल मनकापुर, रघुकुल विद्यापीठ सिविल लाइंस, सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल पंतनगर, नारायण पब्लिक स्कूल आवास विकास, जवाहर नवोदय विद्यालय मनकापुर, केंद्रीय विद्यालय मनकापुर और पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय रेलवे कैंपस को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा सुबह 10:30 से अपराह्न 01:30 बजे तक होगी। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की तैनाती के साथ ही सुचारू विद्युत आपूर्ति के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
फातिमा कॉलेज के प्रिसिंपल अरुण मोरस ने बताया कि परीक्षा सुचारू रूप से कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे किए गए हैं। उनके कॉलेज में शनिवार को पांच सौ से अधिक बच्चे परीक्षा देंगे।
मनकापुर जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सुमेधा पांडेय ने बताया कि पहले दिन हाईस्कूल की अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। इसमें 273 विद्यार्थी शामिल होंगे। साथ ही इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू होगी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी। इसके लिए विद्यालय स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।