करनैलगंज (गोंडा)। करनैलगंज को एक और ओवरब्रिज की सौगात मिली है। करनैलगंज-कटरा-आर्यनगर से बलरामपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग संख्या 280 पर भी अब ओवरब्रिज के निर्माण की कवायद शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम बाराबंकी के उप परियोजना प्रबंधक ने उपजिलाधिकारी को पत्र भेजकर राजस्व टीम से पैमाइश कराने को कहा है। इससे बलरामपुर के साथ ही आर्यनगर व कटरा के लोगों को लखनऊ जाने में आसानी होगी।
कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ने इसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा था। इसके बाद मुख्यमंत्री के विशेष सचिव ने ओवरब्रिज निर्माण के लिए पत्र जारी किया। यह मार्ग कटरा विधानसभा क्षेत्र के करनैलगंज-कटरा-आर्यनगर होते हुए बलरामपुर जाता है। इसी मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग है। दो लेन के रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण के लिए आगणन कमेटी गठित करने की कवायद शुरू कर दी गई है। ओवरब्रिज निर्माण के लिए सेतु निगम व लोक निर्माण विभाग की टीम जमीन की पैमाइश कराएगी। एसडीएम भारत भार्गव ने बताया कि पत्र मिला है। कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)