रात्रि गश्त के दौरान वनरोज को बचाने के चक्कर में पुलिस की एसयूवी गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में वाहन में सवार प्रभारी कोतवाल समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें सीएचसी गैसड़ी में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को छुट्टी दे दी गई।
प्रभारी कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि बुधवार रात क्षेत्र में गश्त के लिए पुलिस की टीम निकली थी। वाहन में प्रभारी कोतवाल के साथ एसआई शान मोहम्मद व कांस्टेबिल रोशन अली भी सवार थे।
प्रभारी कोतवाल खुद वाहन चला रहे थे। गश्त के दौरान खदगौरा गांव के पास बौद्घ परिपथ पर अचानक वनरोज को बचाने के चक्कर में वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। हादसे में वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों पुलिसकर्मी घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल पुलिसकर्मियों को सीएचसी गैैसड़ी पहुंचाया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. संजीवन लाल ने बताया कि तीनों पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।