लोकतंत्र में बड़े से बड़ा अधिकारी भी जनता का सेवक होता है। भारत का किसान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की प्रमुख कड़ी है। किसानों तथा आमजन की समस्याओं का निराकरण करना हर अधिकारी का परम कर्तव्य है।
‘अमर उजाला’ समूह ने चौपाल आयोजित कर अधिकारियों व जनता के बीच जो संवाद स्थापित कराया वो सराहनीय एवं सकारात्मक कदम है। इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों का अपनी बात कहने का बेहतरीन मंच मिला है। हम विश्वास दिलाते हैं कि कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों तथा सुझावों पर विशेष ध्यान देंगे। ये बातें बुधवार शाम देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर स्थित गोरक्ष मंडपम सभागार में ‘अमर उजाला’ समूह द्वारा आयोजित चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि तुलसीपुर एसडीएम केशवनाथ गुप्त ने कहीं।
चौपाल में बड़ी संख्या में जुटे किसानों व आम जनों ने विभिन्न विभागों के अफसरों के समक्ष अपनी शिकायतें रखकर सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने देर शाम तक लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उपयोगी जानकारी दी।
लक्ष्मीनगर निवासी किसान कलीम अहमद ने राप्ती नहर के लिए अधिग्रहीत की गई कृषि भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग एसडीएम से की। देवीपाटन की रहने वाली गुड़िया ने एसडीएम से सरकारी आवास दिलाने की मांग की।
सहायक कृषि अधिकारी तुलसीपुर सत्यप्रकाश ने चौपाल में मौजूद किसानों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। खाद व बीज पर अनुदान पाने के लिए किसानों से पंजीकरण कराने की अपील की।
तुलसीपुर नगर निवासी संतोष जायसवाल ने वार्ड नंबर चार तथा 13 में नगर पंचायत द्वारा मानक विहीन निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा ब्लॉक तुलसीपुर संतोष यादव ने किसानों को मनरेगा योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
फरियादी बिट्टा देवी ने विधवा पेंशन दिलाने की मांग की। मोतीलाल, फागू मौर्या तथा मायाराम ने इटवा चौराहे से अतिक्रमण हटवाने की मांग की। भूपेंद्र कसौंधन ने कसौंधन जाति को पिछड़ा वर्ग में शामिल करने की मांग की।
महराजगंज तराई निवासी सलीम ने सरकारी आवास की मांग की। प्रतिभाओं में निखार लाने तथा उन्हें अच्छी किताबें उपलब्ध कराने के लिए संजय कसौंधन ने तुलसीपुर नगर में पुस्तकालय तथा वाचनालय स्थापित कराने की मांग की। व्यापारी नेता महेश गोयल ने बिजली बिलों में हो रही धांधली दूर करने की शिकायत एसडीओ पावर कॉर्पोरेशन तुलसीपुर राम अचल से की।
अरुण देव आर्य ने तुलसीपुर नगर में नाले पर हो रहा अतिक्रमण हटवाने की मांग एसडीएम से की। किसान नेता प्रदीप सिंह ने सूखा पीड़ित किसानों को शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की। देवीपाटन निवासी विशाल खन्ना, मेराज, सत्यम गुप्ता व आशीष ने सीओ तुलसीपुर जगजीवन राम गौतम से नशेड़ी सिपाही द्वारा की गई अभद्रता की शिकायत करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ ने लोगों से कहा कि कोई भी उनसे बेझिझक अपनी समस्या बता सकता है, त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में सरस्वती बिहार पब्लिक स्कूल की छात्रा राज नंदनी, शफीकुननिशा तथा निष्ठा तिवारी ने गीत प्रस्तुत कर लोगों का स्वागत किया। कक्षा आठ के छात्र सत्यम मिश्र ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में एसडीएम ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसान बीमा योजना, आम आदमी बीमा योजना, सूखा राहत, गन्ना मूल्य भुगतान व राजस्व संहिता के संबंध में लोगों को उपयोगी जानकारी दी।
एसडीएम ने कार्यक्रम उपस्थित लोगों को जल तथा जंगल के संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए मानवता व पर्यावरण की रक्षा करने की अपील की। इस अवसर पर रामजी आर्या, रामदास गुप्ता, अन्नू मिश्र, संदीप सिंह, विनोद, रामअवध, सुधीर सिंह समेत सैकड़ों किसान व आम नागरिक मौजूद रहे।