गोंडा। राशन वितरण में अनियमितता करने वाले कोटेदारों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। मनमाने तरीके से राशन का वितरण करने की शिकायत पर आपूर्ति विभाग ने जांच कराई। इसमें मामला सत्य पाए जाने पर तीन कोटेदारों का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
जिला आपूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि परसपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बहुअन मदार माझा, इसी ब्लॉक के अभईपुर व बभनजोत ब्लॉक के मोकलपुर के ग्रामीणों ने कोटेदारों के खिलाफ शिकायत की थी। आरोप था कि कोटेदार अनाज वितरण में अनियमितता कर रहे हैं। यूनिट के हिसाब से उन सबको राशन नहीं दिया जाता है। यही नहीं, कोटेदारों द्वारा धमकी भी दी जाती है। घटतौली की शिकायतें लगातार आ रही हैं।
डीएसओ ने बताया कि शिकायत मिलने पर संबंधित आपूर्ति निरीक्षकों से कोटेदारों के यहां जांच कराई गई। कार्डधारकों के भी बयान दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर बहुअन मदार माझा की कोटेदार पुष्पा देवी, अभईपुर के कोटेदार नएनाथ पांडेय व मोकलपुर के कोटेदार रामदेव का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। दुकानों को पास के ही गांवों में संबद्ध किया गया है।
उधर, विकास खंड हलधरमऊ की ग्राम पंचायत बरबटपुर निवासी राजू, शमीम, जुबेदा, शादाब, रुबीना, आजाद, रमजान सहित 13 लोगों ने उपजिलाधिकारी से मिलकर शिकायत की है। आरोप है कि ग्राम पंचायत के कोटेदार मनमाने तरीके से राशन का वितरण कर रहे हैं। अंगूठा लगवाकर कहते हैं कि अंगूठा नहीं लग रहा है। प्रति यूनिट पांच की जगह तीन किलोग्राम राशन का ही वितरण कर रहे हैं।
विरोध करने पर गाली व जान से मारने की धमकी देकर भगा देते हैं। उप जिलाधिकारी हीरालाल ने बताया कि आपूर्ति निरीक्षक को जांच करने का आदेश दिया गया है। आपूर्ति निरीक्षक दिनेश वर्मा ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।