बलरामपुर रोड पर इटियाथोक से 14 किलोमीटर दूर बिजली की हाईटेंशन लाइन का तार मंगलवार को तेज आंधी के चलते अचानक टूट कर गिर गया, जिससे खरगूपुर और इटियाथोक इलाके की करीब तीन लाख आबादी की बिजली अनिश्चितकालीन समय के लिए गुल हो गई है।
बताया जाता है कि जिस जगह पर बिजली का तार टूटकर गिरा है, वहां काफी पानी भरा हुआ है। जिससे विद्युत सप्लाई जल्द बहाल भी हो पाएगी, या नहीं, इसे लेकर लोग खासे परेशान हैं। वहीं, एसडीओ संदीप तिवारी का कहना है कि उनकी पूरी टीम फॉल्ट ठीक करने के लिए मौके पर लगी है। रात तक विद्युत लाइन चालू करवा दी जाएगी।
जिले के दो बिजलीघरों खरगूपुर और इटियाथोक की विद्युत लाइन तीन दशक बीत जाने के बाद भी बलरामपुर जिले से अलग नहीं हो पाई है। यही वजह है कि 30 किलोमीटर दूर बलरामपुर से गोंडा आने वाली इस लाइन के तार आए दिन टूटकर गिरते रहते हैं, जिसका खामियाजा इलाकाई लोगों को घंटों बिजली कटौती के रूप में झेलना पड़ता है।
बताते हैं कि मंगलवार की दोपहर करीब 12 बजे आई तेज आंधी में एक बार फि र से 33 केवी की एचटी लाइन का तार गांधी चबूतरा के पास टूटकर गिर गया। बताते हैं कि जिस जगह पर बिजली का तार टूटकर गिरा है, वहां काफी दूरी में पानी भरा है। ऐसे में लाइन के जल्द ठीक होने और बिजली मिलने की संभावनाएं बहुत कम हैं। विद्युत आपूर्ति ठप होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हालांकि पावर कॉरपोरेशन के उपखंड अधिकारी संदीप तिवारी का कहना है कि फॉल्ट की सूचना मिलते ही इलाकाई जेई व उनकी पूरी टीम को मौके पर भेज दिया गया था। उम्मीद है कि रात तक वह फॉल्ट को ठीक कराकर लोगों को बिजली देना भी शुरू कर देंगे। ब
ता दें कि इटियाथोक और खरगूपुर की करीब तीन लाख आबादी को बलरामपुर से पहले खरगूपुर और बाद में इटियाथोक जाने वाली 33 केवी लाइन से ही आपूर्ति की जाती है। समाचार भेजे जाने तक पावर कॉरपोरेशन के कर्मचारी फॉल्ट ठीक नहीं कर पाए थे। जिससे तीन लाख को बिजली नहीं मिल पा रही है।