ट्रेन रोक कर प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
पचपेड़वा रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनों का ठहराव न होने तथा रूट पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाए जाने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने सोमवार को स्टेशन से गुजरने वाली पैसेंजर को 52 मिनट रोके रखा। प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन अधीक्षक को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इन लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगे नहीं मानी गई तो दो अक्तूबर से फिर आंदोलन किया जाएगा।
सोमवार को पचपेड़वा रेलवे स्टेशन पर भारी संख्या में क्षेत्रवासियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इन लोगों ने 11.03 बजे पचपेड़वा रेलवे स्टेशन पर पहुंची नकहा जंगल टू बादशाहनगर लखनऊ जाने वाली पैसेंजर को रोक लिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गोरखपुर गोंडा वाया बढ़नी रेलवे रूट पर चलने वाली कई ट्रेनों का ठहराव पचपेड़वा में न होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। इन लोगों ने पचपेड़वा स्टेशन से सुबह 8 बजे गोंडा के लिए तथा शाम 7 बजे गोरखपुर के लिए ट्रेन चलाए जाने की मांग की।
प्रदर्शनकारी करीब 52 मिनट तक ट्रेन को रोककर नारेबाजी करते रहे। मनोहरापुर निवासी रणेंद्र त्रिपाठी ने स्टेशन अधीक्षक एएस सिद्दीकी को तीन सूत्री ज्ञापन सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की। स्टेशन मास्टर के समझाने-बुझाने पर प्रदर्शनकारी शांत हुए और ट्रेन को जाने दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का निराकरण न हुआ तो आगामी दो अक्तूबर से फिर आंदोलन शुरू किया जाएगा।