गोंडा। उच्च न्यायालय ने जिले में तैनात दो अपर जिला जज और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट का गैर जनपद तबादला कर दिया है। विभिन्न जिलों में कार्यरत दो अपर जिला जज व एक न्यायिक अधिकारी को जिले में तैनाती मिली है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के महानिबंधक राजीव भारती की ओर से रविवार को जारी स्थानांतरण सूची के मुताबिक अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश ईसी एक्ट सर्वजीत कुमार सिंह का वाराणसी और विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट राजबहादुर रामदेव यादव का तबादला कानपुर नगर कर दिया गया है। यहां मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात नेहा रुंगटा को अलीगढ़ भेजा गया है। वाराणसी की अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रश्मि नंदा, सहारनपुर के एडीजे विकास और बुलंदशहर के सिविल जज सीनियर डिवीजन अजय कुमार मिश्र को गोंडा में तैनात किया गया है। (संवाद)