घर पहुंची होमगार्ड जवानों के मौत की सूचना तो मचा कोहराम
मिर्जापुर में चुनाव ड्यूटी में गए थे होमगार्ड जवान, गर्मी से हुई मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
गोंडा। मिर्जापुर जिले में लोकसभा चुनाव में ड्यूटी पर गए जिले के तीन होमगार्ड जवानों के मौत की सूचना शुक्रवार को उनके घर पहुंची तो कोहराम मच गया। परिवार के लोग शवों को लाने के लिए मिर्जापुर रवाना हो गए हैं। एक दिन पूर्व मिर्जापुर में ही जिले के होमगार्ड अरुण कुमार श्रीवास्तव की गर्मी से मौत हो गई थी। जिले के गृहरक्षकों की मौत की संख्या चार हो गई है।
लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में शनिवार को मतदान होना है। चुनाव के लिए जिले के होमगार्ड जवानों की मिर्जापुर जिले में ड्यूटी लगाई गई है, लेकिन मिर्जापुर में पड़ रही भीषण गर्मी होमगार्ड जवानों के लिए काल साबित हो रही है। जिले से चुनाव ड्यूटी में मिर्जापुर गए कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के विशवां गणेश गांव के रहने वाले बच्चाराम चौबे (52), कोतवाली देहात के ही लालापुरवा बनवरिया निवासी रामजियावन यादव (54) व कोतवाली देहात क्षेत्र के तुर्काडीहा निवासी प्रयागनरायन मिश्रा (52) की शुक्रवार को गर्मी के कारण मौत हो गई। लोगों का कहना है कि पारा में अचानक हुई बढ़ोत्तरी के कारण होमगार्ड जवानों की मौत हुई है।
जिला कमांडेंट (होमगार्ड) चंदन सिंह ने बताया कि होमगार्ड जवानों की गर्मी के कारण मौत हुई है। चंदन सिंह ने बताया कि बच्चा राम चौबे की तैनाती कंपनी नगर प्रथम में थी जबकि राम जियावन यादव कंपनी नगर द्वितीय में तैनात थे। नगर कोतवाली के रहने वाले प्रयाग नरायन मिश्रा कंपनी नगर प्रथम में तैनात थे। होमगार्ड जवानों के मौत की सूचना उनके घर पर पहुंची तो कोहराम मच गया। होमगार्ड प्रयाग नरायन मिश्रा के तीन बेटों में सबसे बड़े बेटे महेश मिश्र, मझले गिरजेश मिश्र व छोटे बेटे डंकू हैं। पिता के मौत की सूचना मिलते ही महेश परिवार के अन्य लोगों के साथ मिर्जापुर के लिए रवाना हो गए हैं। जबकि राम जियावन व बच्चाराम चौबे के परिजन भी निजी वाहन से मिर्जापुर गए हैं। वहां पोस्टमार्टम के बाद तीनों के शव गोंडा लाए जाएंगे।