मनकापुर (गोंडा)। वन दरोगा की सूचना पर पुलिस ने टिकरी जंगल से जंगली सुअर का शिकार करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पिकअप व शिकार करने वाली सामग्री बरामद कर रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय तलवार ने बताया कि वन दरोगा हैदर अली ने सूचना दी कि कोतवाली क्षेत्र के टिकरी जंगल में कुछ लोग वन्यजीवों का शिकार कर रहे हैं। इस पर कोतवाल संजय गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जंगल में छापा मारा। वहां जंगली सुअर का शिकार करने वाले शिकारी रामसूरत उर्फ सूरते, करिया निवासी रघुनाथपुर थाना रेहरा जनपद बलरामपुर, निखिल सोनकर निवासी गूंगीदेई बखरवा थाना धानेपुर को गिरफ्तार किया गया।
इनके पास से एक पिकअप, एक सरिया, दो डंडे व एक शिकार फंसाने का जाल बरामद किया गया है। वन दरोगा हैदर अली ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में वन संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।