फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना संक्रमित महिला की मौत, 79 नए केस

विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हर रोज नए संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को जिला अस्पताल स्थित कोविड एल-टू अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित महिला की मौत हो गई तथा 79 नए कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई।
विज्ञापन

अब कोरोना संक्रमण को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। अभी तक कोरोना संक्रमण की चपेट में आए लोग घर पर रहकर ठीक हो जा रहे थे लेकिन अब अस्पतालों में भर्ती होना पड़ रहा है। यहीं नहीं कोरोना से मौत का सिलसिला भी शुरू हो गया है। ऐसे में तनिक भी लापरवाही संक्रमण की दूसरी लहर जैसी तबाही मचा सकती है।
सोमवार को कोविड एल-टू अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित महिला की मौत हो गई। कोविड अस्पताल के प्रभारी डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि इटियाथोक के गोशेंदपुर निवासी महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा था। उसकी कोरोना जांच पॉजिटिव आने के बाद उसे कोविड एल-टू अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां सुबह तीन बजे उसकी मौत हो गई। अभी तीन मरीज अस्पताल में भर्ती है।
विज्ञापन

वहीं सोमवार को 2888 लोगों की आई कोरोना जांच रिपोर्ट में 79 लोग संक्रमित पाए गए। संक्रमितों को कोविड किट की दवाएं देकर होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। संक्रमितों में जिला अस्पताल के कर्मचारी, पीएससी लाइन व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के कर्मचारी, फायर स्टेशन के कर्मचारी के साथ जिला कारागार के कैदी भी शामिल हैं।
संक्रमण का सबसे अधिक प्रकोप करनैलगंज, हलधरमऊ, नगर क्षेत्र व परसपुर में देखने को मिल रहा है। कोरोना संक्रमितों के परिवार वालों व उनसे मिलने वालों की जांच की जा रही है। वहीं संक्रमण को लेकर लोगों की बेपरवाही कम होने का नाम नहीं ले रही है। बाजारों व अस्पतालों में उमड़ने वाली भीड़ संक्रमण से बेखबर दिख रही है। न तो कोई मास्क लगाना पसंद करता है और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का नियम मानता है। ऐसे में संक्रमण फैलने की आशंका तेज हो गई है।
करीब महीने भर के अंदर डेढ़ हजार से अधिक लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें कई बड़े अधिकारी व डॉक्टर भी शामिल हैं। ज्यादातर संक्रमित होम आइसोलेेशन में रहकर ठीक हो जा रहे है। वहीं संक्रमण से गंभीर रूप से बीमार 19 लोगों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जिनमें एल-टू अस्पताल में 12 संक्रमित तथा लेवल-थ्री में सात संक्रमित भर्ती हैं।
जिला कारागार के निरुद्ध बंदियों में कोरोना संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा है। पिछले दिनों दस बंदियों के संक्रमित मिलने के बाद अब रविवार को 12 बंदियों की कोरोना जांच पॉजिटिव आई। ऐसे में अन्य बंदियों व जेल प्रशासन से जुड़े कर्मचारियों को संक्रमण से बचाना बढ़ी चुनौती बनती जा रही है। हालांकि तेजी से फैल रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए जेल प्रशासन पहले से ही सतर्क हो गया है।
इसी को देखते हुए जेल प्रशासन ने नए आने वाले बंदियों के लिए एक अलग बैरक बनाई है। जिसमें 14 दिनों तक क्वारंटीन रहने के बाद उन्हें सामान्य बैरक में भेजा जाएगा। इसके साथ ही बंदियों को अनिवार्य रूप से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें