बिजली कटौती से उपभोक्ताओं की नींद हराम हो गई है। शाम से शुरू होने वाली बिजली आपूर्ति के साथ ही ट्रिपिंग व कटौती शुरू हो जाती है और पूरी रात बिजली की आंखमिचौली होने से उपभोक्ता परेशान हैं। 24 घंटे में आठ घंटे भी बिजली मिलना मुहाल हो गया है। शाम आठ से सुबह चार बजे तक सात बार बिजली की कटौती तथा छह बार ट्रिपिंग हुई।
करनैलगंज नगर क्षेत्र में निर्बाध बिजली की आपूर्ति करने के लिए पावर कॉर्पोरेशन ने नगर का सब स्टेशन अलग बनवा दिया, फिर भी लोगों को बिजली का लाभ नहीं मिल रहा है।
घंटों की कटौती और दर्जनों बार ट्रिपिंग से उपभोक्ता हलकान हैं। शनिवार को दोपहर 12 बजे बिजली आई, उसके बाद दो बार ट्रिपिंग हुई फिर डेढ़ बजे बिजली गुल हो गई, जिसे 1.50 बजे चालू किया गया तथा चार बजे बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
फिर शाम को 8 बजे सप्लाई शुरू की गई, उसके बाद एक घंटे में तीन बार ट्रिपिंग होने के साथ ही 9.05 बजे लाइन बंद की गई। उसके बाद रात साढ़े दस बजे लाइन को जोड़ा गया, 10:10 बजे गोंडा से बिजली फेल हो गई जो 12:5 बजे आई फिर भी फीडरों को नहीं जोड़ा गया।
एक बजकर पांच मिनट पर गोंडा से एक बार सप्लाई बाधित हुई, जिसे सुबह 4:05 बजे जोड़ा गया। इस तरह से पूरी रात बिजली लोगों को तरसाती रही। उपभोक्ता बिजली की कटौती से परेशान हैं।
उपखंड अधिकारी एसके साहू बताते हैं कि रात की कटौती ऊपर से आए आदेश पर होती है तथा ओवरलोड से ट्रिपिंग एवं जिले से सप्लाई बंद होने पर हो रही है। उपकेंद्र से कोई कटौती नहीं की जा रही है।