गोंडा। कानपुर व प्रयागराज में माहौल खराब होने के बाद जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। नमाज के दौरान कड़े सुरक्षा के इंतजाम किए गये हैं। शहर की मस्जिदों समेत संवेदनशील स्थलों पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। गुरुवार को आयुक्त व डीआईजी के नेतृत्व में शहर में पुलिस बल ने भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने माहौल खराब करने वालों को सलाखों के पीछे भेजने की कड़ी चेतावनी दी है।
जुमा की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में भी जुमा की नमाज को लेकर मस्जिदों के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। आयुक्त एमपी अग्रवाल, डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल, डीएम डॉ. उज्ज्वल कुमार व एसपी संतोष कुमार मिश्र की अगुवाई में गुरुवार को पुलिस बल ने शहर में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
एसपी संतोष कुमार मिश्र ने लोगों से बातचीत कर धरना-प्रदर्शन व असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। एसपी ने जुमे की नमाज शांतिपूर्वक अदा करने को कहा। एसपी ने बताया कि किसी को माहौल खराब करने का अधिकार नहीं है। जो भी माहौल खराब करने की कोशिश करेगा। उसे सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।