किसानों को रबी सीजन के फसलों की बीज नये दर से अनुदान पर दी जाएगी। कृषि विभाग का दावा है उसके ब्लॉकवार सभी बीज गोदाम पर बीज उपलब्ध है। गोदामों पर कई प्रजाति का गेहूं, जौ, चना, मसूर, मटर, राई आदि का बीज किसानों के लिए रखा गया है। किसानों को बीज नये निर्धारित रेट में कुल कीमत अदा करने पर दिया जाएगा।
विभाग के मुताबिक, जिले भर में करीब 2.50 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बोआई की जानी है। विभाग ने अनुदान पर किसानों को बिक्री किये जाने वाले बीज की खेप को ब्लॉकवार गोदामों में डंप किया है। ब्लॉकवार बीज गोदाम से ही किसानों को बीज का वितरण किया जाएगा।
बीज केवल पंजीकृत किसानों को ही मिल सकेगा। तमाम किसानों ने बीज की खरीद कर रबी के फसलों की बोवाई भी शुरू कर दी है। लेकिन इस बार उन किसानों को अनुदान पर बीज नही मिल सकेगा जिन किसानों को पिछले साल डीबीटी योजना का लाभ मिल चुका है। शासन ने सभी किसानों को एक साथ लाभ दे पाने में असमर्थता जता दी है। पुराने लाभ पाने वाले किसानों को अब 2018 में ही लाभ मिल सकेगा।
इस बाबत जिला कृषि अधिकारी विजय सिंह ने बताया कि रबी सीजन के सभी फसलों के बीज ब्लॉकवार कृषि बीज भंडारों पर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसान पंजीयन कराकर बीज नये रेट पर प्राप्त कर सकते हैं। बीज के अनुदान की रकम डीबीटी योजना के तहत किसानों के बैंक अकाउंट में भेजी जाएगी। किसान समय से अपना पंजीयन करा लें तभी उन्हें बीज मिल सकेगा। किसान बीज लेने के बाद बीज गोदाम व दुकान से रसीद जरूर ले लें।
इनसेट
फसलवार अनुदानित बीज रेट-
बीज प्रमाणित बीज आधारीय बीज 10 साल तक पुरानी बीज 15 वर्ष तक पुरानी बीज
गेहूं 3120 3355 1400 200
राई 6740 7405 - 3300
चना जाकि 12960 - - 4000
चना सा. 9220 10220 - 4000
मटर प्र.अ. 6048 - - 4000
मटर अन्य 5910 6460 - 4000
मसूर 15120 - - 4000
मसूर सा. 10330 11480 - 4000
तोरिया 7150 - - 800
जौ सभी - 3400 1900 200
अलसी - 8805 - 3300
नोट - बीज की कीमत रुपये प्रति क्विंटल में है।