जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय नई दिल्ली व जादवपुर विश्वविद्यालय कोलकाता में लगे राष्ट्रविरोधी नारों से लोगों में आक्रोश है। शुक्रवार को इसे लेकर गोंडा शहर में तीन स्थानों पर भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. रंजन शर्मा की ओर से भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन के लिए हस्ताक्षर अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर में पढ़ने वाले के मन में राष्ट्र की प्रतिमा स्थापित होती है, जिससे वे जीवनयापन के साथ ही राष्ट्र के लिए मरने-मिटने की प्रेरणा लेते हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय में अलगाववादियों की शह पर किया गया यह कृत्य अत्यंत निंदनीय है।
अभियान की पहले चरण की शुरुआत लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय से सैन्य विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आरएस पाण्डेय के नेतृत्व में गोंडा-लखनऊ रोड पर अंबेडकर चौराहे से हुई। जिसमें वीरेंद्र त्रिपाठी, पुनीत सिंह, दीपक शुक्ल, रंजीत बाबा, विकास शुक्ल, महेश, बृजेश सिंह आदि मौजूद रहे।
वहीं, दूसरे चरण का अभियान लाल बहादुर शास्त्री चौराहे पर चला, जिसकी शुरुआत भाजपा जिलाध्यक्ष पीयूष मिश्र ने की। उनके साथ यहां डॉ. शैलेंद्रनाथ मिश्र, डॉ. हरिप्रकाश श्रीवास्तव, बजरंग दल के प्रांत संयोजक राकेश वर्मा उर्फ गुड्डू व तमाम छात्र मौजूद रहे।
उधर, चार बजे तीसरे चरण की शुरूआत महिला अस्पताल चौराहे से हुई, जिसकी शुरूआत पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह ने की। इस मौके पर रवि मोदी, शशी भारती, किशोर जायसवाल, माधवी पाण्डेय, रामगोपाल साहू, राकेश वर्मा मौजूद रहे। इन तीनों जगहों पर तमाम लोगों से राष्ट्रपति को भेजे जाने वाले ज्ञापन पर हस्ताक्षर कराए गए।