परसपुर थाना क्षेत्र में घर से धान की पुआल लाने के लिए शनिवार को दोपहर घर से निकले एक बुजुर्ग का शव रविवार की सुबह आंटा गांव के जोगीबीर बाबा के स्थान के पास गन्ने के खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी होने से लोगों में हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परसपुर थाना क्षेत्र के आंटा गांव निवासी दुर्गा प्रसाद गुप्ता ने बताया कि उसके पिता शिवनरायन गुप्ता (59) पुत्र ताले गुप्ता शनिवार को दोपहर गांव के समीप स्थित जोगीबीर बाबा के स्थान के पास अपने खेत में धान की पुआल लाने के लिए घर से निकले थे।
देर रात तक जब वह घर नहीं लौटे तो उनकी तलाश की गई, मगर उनका कहीं पता नहीं चल सका। रविवार को सुबह उनका शव गांव के समीप स्थित जोगीबीर के स्थान के पास गन्ने के एक खेत में पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
परसपरु थानाध्यक्ष देवेंद्र पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उसके बाद ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।