अवैध बालू खनन के मामले में स्वाट टीम के प्रभारी ने कोतवाली करनैलगंज में 13 लोगों के खिलाफ चोरी व खनन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। स्वाट टीम के प्रभारी ने 17 अक्तूबर को अवैध खनन के मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार बालू लदी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां पकड़ी थीं। एसपी ने अवैध बालू खनन को रोकने में असफल चौकी प्रभारी समेत दो सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के सकरौरा ग्रामीण गांव में अवैध बालू खनन की सूचना पर एसपी के आदेश पर 17 अक्तूबर की रात स्वाट टीम के प्रभारी अतुल चतुर्वेदी ने दबिश देकर खनन करते 13 लोगों को गिरफ्तार कर बालू लदी तीन ट्रैक्टर-टॉलियां पकड़ी थीं।
इस मामले में शनिवार को स्वाट टीम के प्रभारी अतुल चतुर्वेदी ने कोतवाली करनैलगंज में जगदीश मिश्र, शिवबालक मिश्र, रामदत्त, अनिरुद्ध, दद्न निवासी ग्राम कुतुबपुर, नीरज सिंह, अनोखेलाल निवासी ग्राम नचनी, रहीम निवासी ग्राम दिनारी, रामराज, जगजीवन, ओमप्रकाश निवासी ग्राम करुवा, सोनू, गंगाराम, निवासी ग्राम सकरौरा के खिलाफ चोरी व खनन अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि अवैध बालू खनन को रोकने में लापरवाही बरतने के आरोप में कस्बा करनैलगंज चौकी प्रभारी अरविंद शाही, सिपाही नागेन्द्र कुमार व महेन्द्र कुमार यादव को लाइन हाजिर कर दिया है।