गोंडा। बेसिक शिक्षा विभाग के लेखाधिकारी कार्यालय के बाबू अनुपम पांडेय को हटाने के लिए डीएम प्रियंका निरंजन की रिपोर्ट पर कार्रवाई शुरू हो गई है। समग्र शिक्षा की महानिदेशक मोनिका रानी ने संबंधित अधिकारियों से बाबू को हटाने व पूरे मामले की जांच के लिए पत्रावली तलब की है।
शिक्षकों ने डीएम से मिलकर शिकायत की थी। इसमें कहा था कि कनिष्ठ लिपिक अनुपम पांडेय 27 वर्ष से एक ही कार्यालय में तैनात हैं। हाईकोर्ट के आदेश पर अनुपम के खिलाफ एसटीएफ जांच कर रही है। 500 शिक्षकों के वेतन व एरियर भुगतान के मामले में एसआईटी भी जांच कर रही है। एक अन्य मामले में नगर कोतवाली पुलिस जांच कर रही है। एडी बेसिक की जांच में अनुपम पर लगे आरोप सही मिलने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। जांच प्रभावित करने के लिए दस्तावेजों में छेड़छाड़ की आशंका जताते हुए डीएम ने कार्रवाई की संस्तुति की है। इसे स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने गंभीरता से लिया है। साथ ही डीएम की संस्तुति के आधार पर बेसिक शिक्षा निदेशक, सचिव और वित्त नियंत्रक को बाबू अनुपम पांडेय को तत्काल हटाने और जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। (संवाद)