गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को करीब 140 मिनट तक गोंडा में रहकर देवीपाटन और बस्ती मंडल से जुड़ी विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री मुख्य रूप से मंडलों में विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी सड़क परियोजनाओं का हाल जानेंगे। इसके अलावा पुल, भवन और अन्य आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं की प्रगति भी उनके सामने रखी जाएगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार दोपहर 12:20 बजे गोंडा पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:40 तक यहां रहेंगे। वह आयुक्त कार्यालय स्थित महाराजा सुहेलदेव सभागार में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में शामिल होंगे। बैठक में देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती तथा बस्ती मंडल के बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर जिलों के विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग की विधानसभावार संबंधित विधायकों से प्रस्ताव प्राप्त कर तैयार कार्ययोजनाओं का मुख्यमंत्री परीक्षण करेंगे और यह जानेंगे कि किन मार्गों को प्राथमिकता दी गई है, कितनी आबादी को इसका लाभ मिलेगा। विभागीय अधिकारी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से बैठक में शामिल होंगे। डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि सीएम के कार्यक्रम की तैयारी पूरी हो गई है।