इटियाथोक (गोंडा)। बेलवा बहुता गांव के पास सरयू नहर में शुक्रवार की सुबह एक दो वर्षीया बालिका का शव उतराता मिला है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना यूपी 100 को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। मगर शव की शिनाख्त नहीं हो पाई।
थानाध्यक्ष संजय सिंह तोमर ने बताया कि बालिका की पहचान नहीं हो पाई है। बताया कि गुरुवार को खरगूपुर थाना क्षेत्र के असिधा गांव के मजरे बरगदही के रहने वाले पप्पू की पत्नी उर्मिला अपनी मासूम बच्ची अनामिका के संग आर्यनगर-खरगूपुर मार्ग पर परसा गांव के पास सरयू नहर में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया था। लोगों ने उर्मिला को बचा लिया था। मगर अनामिका तेज बहाव के कारण बह गई थी। शुक्रवार को बेलवा गांव के पास सरयू नहर में बच्ची का शव मिलने के बाद उर्मिला को शिनाख्त के लिए बुलाया गया तो उसने शव देखकर उसकी बेटी होने से इन्कार कर दिया।